रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में ग्राम शेरपुर नगला से रामनगर तक बनने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से निर्मित होने वाले इस मार्ग का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। मार्ग का निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। संपर्क मार्गों के निर्माण से गांवों के लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलती है और समय की बचत होती है। शेरपुर नगला से रामनगर तक बनने वाला यह मार्ग क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा।
हर गांव को मुख्य मार्गों से जोड़ने का प्रयास
मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि विकास कार्यों को गति देना और जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के गांवों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रगति और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य कराना उनका संकल्प है।
संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताई और मंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार, संबंधित अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
