रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी शराब की 210 बोतलें, 99 खाली बोतलें, 398 ढक्कन, रैपर और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। मौके से तीन कारें और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने सातों आरोपियों को रामपुर तिराहे के पास रेलवे लाइन पुल के नीचे चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। कार्रवाई कोतवाली नगर पुलिस और जिला एसओजी की संयुक्त टीम ने की। खाली बोतलों, ढक्कनों और पैकिंग उपकरणों की बरामदगी के बाद पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पैकिंग मशीन समेत सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से शराब की 210 बोतलों के अलावा 99 खाली बोतलें, 398 ढक्कन और चार रैपर बरामद हुए। तीन प्लास्टिक के बोरों में हीट ड्रायर, कार्टन पैक करने की मशीन, क्लिप लगाने वाला सरौता, दो सिरिंज, टेप के दो बंडल, तीन धारदार ब्लेड वाले चाकू, पेचकस, प्लास्टिक स्ट्रिप और लोहे की 100 क्लिप भी मिलीं।
इसके अलावा सफेद वैगनआर, ग्रे स्विफ्ट डिजायर और सफेद नेक्सॉन कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
हरियाणा से चंडीगढ़ तक के आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में अमित और राकेश निवासी समालखा, पानीपत (हरियाणा), मेहताब निवासी शाहपुर जदीद, दौराला (मेरठ), धीरज निवासी शिव कॉलोनी, शामली, रामप्रकाश निवासी सुल्तानपुर और हाल निवासी चंडीगढ़, हरदीप सिंह निवासी पंजाबी कॉलोनी, शामली तथा कुलदीप निवासी नसीरपुर, तितावी (मुजफ्फरनगर) शामिल हैं।
आबकारी अधिनियम और बीएनएस में मुकदमा
कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 480/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धाराओं 60, 63 और 72 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(4), 338, 336(3) और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
कार्रवाई में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, अस्पताल चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक सोनू कुमार, उपनिरीक्षक राजेश शर्मा और कोतवाली नगर पुलिस टीम के साथ जिला एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित सिंह व उनकी टीम शामिल रही।
