रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। जनपद में बालश्रम उन्मूलन अभियान के तहत टांडा थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए छह बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया। जिलाधिकारी के निर्देशन मे जिला चाइल्ड हेल्पलाइन, थाना एएचटीयू, श्रम विभाग तथा बाल कल्याण समिति के सदस्यों की संयुक्त टीम ने आरा मशीनों, लकड़ी के कारखानों, होटल, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों में चेकिंग की।
अभियान के दौरान लोगों को मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार, बाल विवाह तथा महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और कारखाना संचालकों को बालश्रम निषेध कानून की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से सामान्य रोजगार में काम कराना प्रतिबंधित है, वहीं 14 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को खतरनाक व्यवसायों एवं प्रक्रियाओं में नियोजित करना कानूनन प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
अभियान में थाना एएचटीयू से सत्यप्रकाश, श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवेंद्र सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी निजामुद्दीन एवं शिवम सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
