Homeउत्तर प्रदेशचंद्रशेखर आजाद का भाजपा पर हमला, बोले- अमीर-गरीब के बच्चों को मिले...

चंद्रशेखर आजाद का भाजपा पर हमला, बोले- अमीर-गरीब के बच्चों को मिले समान शिक्षा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मोरना में आजाद समाज पार्टी (आसपा) के बूथ सम्मेलन में नगीना सांसद एवं पार्टी अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों के गन्ना मूल्य, आरक्षण और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाकर उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अमीर और गरीब के बच्चों को एक समान शिक्षा मिलनी चाहिए और सरकारी अस्पतालों में हर नागरिक का इलाज मुफ्त होना चाहिए।

शुक्रताल मार्ग पर आयोजित सम्मेलन में चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। सम्मेलन में मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी रविंद्र भाटी समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। भारतीय किसान यूनियन के प्रमुख नेता विकास रहमतपुर सहित विभिन्न दलों के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आसपा की सदस्यता भी ग्रहण की।

शिक्षा और इलाज को बताया बुनियादी अधिकार

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे मजबूत माध्यम है। उनकी पार्टी सत्ता में आने पर ऐसी व्यवस्था के लिए संघर्ष करेगी, जिसमें अमीर और गरीब के बच्चे एक ही विद्यालय में समान शिक्षा हासिल कर सकें। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में सभी नागरिकों को मुफ्त इलाज देने और सरकारी विद्यालयों से पढ़े युवाओं को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता देने की पैरवी की।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विद्यालयों को बंद किया जा रहा है, जबकि शराब के ठेकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा सरकार से सवाल पूछते हैं। पेपर लीक की घटनाओं को भी उन्होंने युवाओं के भविष्य और आरक्षण से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।

गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग

किसानों के मुद्दे पर चंद्रशेखर आजाद ने गन्ने के मूल्य को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब चीनी के दाम बढ़ सकते हैं तो गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल क्यों नहीं किया जा सकता। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में नदियों के तटबंध मजबूत करने और टूटी सड़कों की मरम्मत कराने की जरूरत भी उठाई।

उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ हाईकोर्ट बेंच की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा कराने की बात कही। साथ ही महंगाई, टोल वसूली, कथित रिश्वतखोरी और पंचायत चुनावों में देरी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। एमएलसी चुनावों में फर्जी वोट बनवाने के आरोप भी लगाए।

रविंद्र भाटी ने भी भरी हुंकार

मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी रविंद्र भाटी ने कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से सर्वसमाज के हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और पिछले दस वर्षों से चंद्रशेखर आजाद के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य की राजनीति में इंडिया गठबंधन सहित अन्य धर्मनिरपेक्ष दलों के साथ सहयोग और गठबंधन के रास्ते खुले हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. बृजपाल सिंह ने की, जबकि संचालन अरविंद पंवार और डॉ. वीपी सिंह ने संयुक्त रूप से किया। सम्मेलन में राजकुमार यादव, जोगिंदर, गौहर इकबाल, निजाम चौधरी, सतपाल चौधरी, मोहम्मद गाजी, विनोद प्रमुख सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments