रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जिले के राशन कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। अक्टूबर माह के खाद्यान्न वितरण की अंतिम तारीख बढ़ाकर अब 30 अक्टूबर कर दी गई है। पहले राशन वितरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित थी। अब अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारक बढ़ी हुई अवधि में अपनी उचित दर की दुकान से नियमानुसार मुफ्त खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत अक्टूबर माह के लिए खाद्यान्न वितरण 10 से 25 अक्टूबर तक कराया जाना था। निर्धारित समय में सभी लाभार्थियों तक राशन पहुंचाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए वितरण की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब 30 अक्टूबर तक राशन वितरण किया जाएगा।
आधार और मोबाइल ओटीपी से भी मिलेगा राशन
विस्तारित अवधि में ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही मोबाइल ओटीपी के जरिए राशन प्राप्त करने की सुविधा भी 25 अक्टूबर के अलावा 30 अक्टूबर को उपलब्ध रहेगी। कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी के माध्यम से भी आवश्यक खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जिले के सभी अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों से अपील की है कि वे 30 अक्टूबर तक अपनी संबंधित उचित दर की दुकान पर पहुंचकर खाद्यान्न प्राप्त कर लें। उन्होंने उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ई-पॉस मशीन और ई-वेटिंग लिंक्ड व्यवस्था के माध्यम से पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की मौजूदगी में राशन का निःशुल्क वितरण सुनिश्चित किया जाए।
