रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। थाना सिखेड़ा में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने जनसमस्याएं सुनकर उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित करें।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित समाधान दिवस में एसपी अपराध ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का निस्तारण निष्पक्षता और गुणवत्ता के आधार पर किया जाए, ताकि पीड़ितों को राहत मिल सके।
महिला अपराध की शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश
इंदु सिद्धार्थ ने विशेष रूप से महिला अपराध से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों की जांच संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों के निस्तारण की समयसीमा का पालन करने पर जोर दिया।
साइबर ठगी से बचने के तरीके भी बताए
समाधान दिवस के दौरान मौजूद लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक भी किया गया। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध कॉल और संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
इस दौरान थाना सिखेड़ा के थानाध्यक्ष जोगिंदर सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
