Homeउत्तर प्रदेशविश्व पोलियो दिवस पर 24 अक्टूबर को निकलेगी पोलियो एवं फिटनेस रैली,...

विश्व पोलियो दिवस पर 24 अक्टूबर को निकलेगी पोलियो एवं फिटनेस रैली, 500 विद्यार्थी होंगे शामिल

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की ओर से 24 अक्टूबर को पोलियो एंड फिट डिस्ट्रिक्ट रैली निकाली जाएगी। रैली की तैयारियों, उद्देश्यों और जनजागरूकता अभियान की जानकारी देने के लिए गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। रोटरी पदाधिकारियों ने बताया कि पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह रैली निकाली जाएगी।

प्रेस वार्ता में रोटेरियन सुनील अग्रवाल, पोलियोप्लस सोसाइटी सब कमेटी चेयर, रोटेरियन विकास भार्गव, डिस्ट्रिक्ट पोलियो डायरेक्टर, रोटेरियन डॉ. नितिन जैन, एफआईटी कमेटी डायरेक्टर, रोटेरियन नवीन सिंघल, शरद जैन और संदीप गुप्ता ने रैली की तैयारियों की जानकारी दी।

रोटेरियन सुनील अग्रवाल ने बताया कि 24 अक्टूबर को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 के 13 नगरों में एक साथ रैली निकाली जाएगी। इसमें रोटरी परिवार के 10 हजार से अधिक सदस्य और स्कूली बच्चे भाग लेंगे। मुजफ्फरनगर में रैली में लगभग 500 विद्यार्थी शामिल होंगे। रैली नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज से शुरू होकर जिला अस्पताल स्थित रेडक्रॉस हॉल में संपन्न होगी।

रैली के माध्यम से लोगों को पोलियो से बचाव, बच्चों के नियमित टीकाकरण और प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक दिलाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के महत्व का संदेश भी दिया जाएगा।

कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की गवर्नर रोटेरियन पायल गौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया और पोलियो अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमित्रा सिंह का भी सहयोग रहेगा।

रैली में मुजफ्फरनगर के सभी रोटरी क्लबों के सदस्यों के साथ खतौली, शामली और बड़ौत सहित आसपास के क्षेत्रों से रोटेरियन भी भाग लेंगे। रोटरी पदाधिकारियों ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने की उपलब्धि को बरकरार रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए बच्चों का नियमित टीकाकरण और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments