रिपोर्ट – राकेश कुमार
बिजनौर। थाना स्योहारा क्षेत्र के ग्राम मकसूदपुर निवासी अकबरम पुत्र नजमूल खां ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी पुत्री फरहीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
तहरीर के अनुसार, फरहीन का निकाह 16 अप्रैल 2026 को ग्राम सूरा नंगला निवासी दानिश पुत्र निजामुद्दीन के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। पिता का आरोप है कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में दान-दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर फरहीन के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी तथा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं और पहले भी जान से मारने के प्रयास किए गए।
पिता का आरोप है कि 17 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 3–4 बजे दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई। उन्होंने थाना प्रभारी से तहरीर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
