रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खालापार थाना क्षेत्र के सुजड़ू में पति-पत्नी और दो भाइयों के परिवारों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया। वायरल वीडियो में महिला और पुरुष एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही मारपीट की घटना कई दिन पुरानी है, जबकि इसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामला दो भाइयों शहजाद पुत्र खलील और अफजाल पुत्र खलील के परिवारों के बीच विवाद से जुड़ा बताया गया है। दोनों भाइयों की शादी सगी बहनों से हुई है। शहजाद की शादी बानो जहां से, जबकि अफजाल की शादी सोनम से हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों भाइयों की ओर से अपनी-अपनी पत्नियों के आचरण को लेकर आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। इसी विवाद को लेकर पहले भी कहासुनी हुई थी। बाद में विवाद बढ़ा तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
वायरल वीडियो में विवाद के दौरान दोनों पक्षों के महिला और पुरुष एक-दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आने की बात पुलिस ने बताई है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर भी मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
पुलिस ने बताया कि मामले में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। शहजाद पुत्र खलील को रविवार को तमंचा और कारतूस बरामद होने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं अफजाल पुत्र खलील के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है।
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि खालापार थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी पुलिस के संज्ञान में आई है। वीडियो के संबंध में कुछ ऑडियो भी सामने आए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
