रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खालापार थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग के तार चोरी करने वाले शातिर चोर को थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महज पांच घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तार जलाकर निकाला गया करीब 1200 ग्राम कॉपर बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के तारों को जलाकर कॉपर निकालने और उसे बेचने की तैयारी की बात बताई।
कूंगर पट्टी सूजडू निवासी आस मोहम्मद ने 11 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसके निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग के तारों के बंडल चोरी हो गए हैं। तहरीर के आधार पर खालापार पुलिस ने धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी विजय कुमार के निर्देशन में विवेचक उपनिरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 12 सितंबर को शामली बाईपास रोड स्थित वहलना पुल के नीचे घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकरम पुत्र यामीन कुरैशी निवासी लिकड़ा पट्टी, सूजडू के रूप में हुई। उसके कब्जे से तारों को जलाकर निकाला गया करीब 1200 ग्राम कॉपर बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए तारों को जलाकर कॉपर निकाल चुका था और उसे बेचने की फिराक में था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
