रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सीएमओ के निरीक्षण से अस्पताल में व्यवस्थाओं को लेकर स्टाफ में भी सक्रियता नजर आई। उन्होंने लेबर रूम, नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई (एनबीएसयू) और ओपीडी समेत विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ का विशेष जोर नवजात शिशुओं को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर रहा। उन्होंने एनबीएसयू में उपलब्ध वार्मर, ऑक्सीजन, दवाओं और जरूरी उपकरणों की स्थिति देखी। इसके साथ ही साफ-सफाई और नवजातों के उपचार एवं निगरानी की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने वहां तैनात स्वास्थ्यकर्मियों से भी व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली के बारे में पूछताछ की।
सीएमओ ने कहा कि जन्म के बाद जिन नवजातों को तत्काल विशेष देखभाल की जरूरत होती है, उन्हें समय से उपचार और निगरानी मिलनी चाहिए। नवजात एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जरूरी उपकरण और दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
लेबर रूम के निरीक्षण में प्रसव सेवाओं के साथ स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण की स्थिति परखी गई। गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। इसके बाद ओपीडी में पहुंचकर मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भानु प्रताप को निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित की जाएं। मरीजों को बेहतर उपचार, जरूरी दवाएं और सुविधाएं समय से मिलें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही अस्पताल की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
