Homeउत्तर प्रदेशमुजफ्फरनगर: पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर स्नैचर गिरफ्तार, लूटे गए कुंडल...

मुजफ्फरनगर: पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर स्नैचर गिरफ्तार, लूटे गए कुंडल और तमंचा बरामद

नई मंडी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने महिलाओं से कुंडल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस पर फायरिंग कर भागने का किया प्रयास

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को शांतिनगर क्षेत्र में महिला से कुंडल लूट की घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। शुक्रवार देर रात सूचना मिलने पर पुलिस ने रथेड़ी कट के पास घेराबंदी की। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पीछा करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। एक बदमाश मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरा ईख के खेत में छिपकर फायरिंग करता रहा। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

लूटे गए कुंडल और अवैध तमंचा बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार बावरिया पुत्र प्रेम बावरिया, निवासी झिंझाना, जनपद शामली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से महिला से छीने गए दो कुंडल (पीली धातु), 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।

मूकबधिर बनकर करता था रेकी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वर्षों से मूकबधिर होने का स्वांग रचकर इलाके में भीख मांगता था। इसी बहाने वह महिलाओं और घरों की गतिविधियों की रेकी करता और मौका मिलने पर अपने साथी के साथ स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था।

कई आपराधिक मुकदमे हैं दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मेरठ जीआरपी और मुजफ्फरनगर में लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

एसएसपी ने पुलिस टीम को किया सम्मानित

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा, एसओजी प्रभारी मोहित सिंह, उपनिरीक्षक अजय गौर, भूपेंद्र सिंह, संजय सोलंकी, दिनेश कौशिक, संदीप कुमार सहित नई मंडी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही। उत्कृष्ट कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments