रिपोर्ट: कबीर
स्थान: मुजफ्फरनगर
श्रावण मास के साथ बढ़ी कांवड़ियों की आमद
श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे लाखों शिवभक्त शहर की हृदयस्थली शिव चौक की परिक्रमा कर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। पूरे शहर में “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हैं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
नगर पालिका परिषद की ओर से कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। इसके साथ ही सड़क मरम्मत और रात्रि के समय निर्बाध आवागमन के लिए प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है।
सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी
कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल लगातार तैनात है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भक्तिमय माहौल से सराबोर शहर
भगवा वस्त्रों में सजे शिवभक्तों की लंबी कतारें, शिव चौक पर श्रद्धालुओं की परिक्रमा और गूंजते “बम-बम भोले” के उद्घोष से पूरा मुजफ्फरनगर शिवमय वातावरण में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
