रिपोर्ट: जगनेश सोलंकी | बुलंदशहर
बीबी नगर पुलिस को बड़ी सफलता
बुलंदशहर। जनपद बुलंदशहर की थाना बीबी नगर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक अंतरजनपदीय गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मंदिरों, बंद मकानों और अन्य सुनसान स्थानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी, वाहन और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।
चोरी का सामान और अन्य वस्तुएं बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के पास से मंदिरों से चोरी किए गए पीतल के घंटे, पीतल के शेर और मोर की प्रतिमाएं, एक डीवीआर, तांबे के तार, 10,850 रुपये नकद, एक स्कूटी, एक कार, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस तथा एक चाकू बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आठ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस कार्रवाई में सलमान, हाशिम, शाहिल, अनस, फरदीन, अय्यान, फिरोज और इनाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड का विस्तृत सत्यापन कर रही है।
रैकी कर देता था चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस जांच के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी सलमान एग्रीमेंट के आधार पर ओला टैक्सी चलाने के नाम पर विभिन्न क्षेत्रों में आवाजाही करता था। इसी दौरान वह संभावित स्थानों की रैकी करता था। जब किसी मंदिर, बंद मकान या अन्य स्थान को चोरी के लिए उपयुक्त पाता, तो अपने साथियों को सूचना देकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिलाता था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
थाना बीबी नगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने किन-किन जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और इनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।
एसपी सिटी ने दी जानकारी
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी बुलंदशहर अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि थाना बीबी नगर पुलिस की कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोरी करने वाले गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
