रिपोर्ट: संदीप वर्मा, बाराबंकी
नायला उबेद की शानदार सफलता
बाराबंकी के श्री सांई इंटर कॉलेज, जैदपुर की मेधावी छात्रा नायला उबेद ने NEET-2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में 612 अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 6832 हासिल कर विद्यालय, परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।
पहले भी रही हैं टॉपर
नायला उबेद इससे पहले भी अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों से पहचान बना चुकी हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में जिले में प्रथम और प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया था। वहीं 2026 की इंटरमीडिएट परीक्षा में भी उन्होंने प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया।
डॉक्टर बनकर करना चाहती हैं सेवा
नायला ने अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि वह नियमित रूप से करीब 8 घंटे पढ़ाई करती थीं और NEET की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग का सहारा लिया।
सफलता का श्रेय परिवार और विद्यालय को
नायला ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा श्री सांई इंटर कॉलेज, जैदपुर के प्रबंधक डी.के. वर्मा को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और विद्यालय के सहयोग व मार्गदर्शन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी।
विद्यालय में खुशी का माहौल
नायला की सफलता से विद्यालय, शिक्षकों और परिजनों में खुशी का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।
