रिपोर्टर : शारिक खान
लोकेशन : रामपुर
सामाजिक वानिकी प्रभाग रामपुर द्वारा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ग्रुप केंद्र, रामपुर परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, सीआरपीएफ के अधिकारियों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए
अभियान के दौरान आम, अमरूद, जामुन, नीम, बरगद, पीपल, अर्जुन, सहजन, पाकड़ सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प भी लिया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में रामपुर नगर विधायक आकाश सक्सेना की धर्मपत्नी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, सीआरपीएफ के उप पुलिस महानिरीक्षक पूर्ण सिंह सत्तू, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, प्रभागीय निदेशक प्रणव जैन, उप प्रभागीय वनाधिकारी संजय जौहरी, क्षेत्रीय वन अधिकारी शिव शंकर यादव सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा ग्रीन वर्ल्ड पर्यावरण फाउंडेशन की अध्यक्ष नीना साहनी एवं उनकी टीम, सीआरपीएफ और वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अभियान में भाग लिया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भी अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।
