Homeउत्तर प्रदेशनिर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें, सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर...

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें, सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन के लिए डीएम ने दिए निर्देश

रिपोर्टर : संदीप वर्मा

लोकेशन : बाराबंकी

बाराबंकी कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन की उपस्थिति में ₹50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समयबद्धता तथा विभिन्न विभागों के प्रदर्शन की विस्तार से समीक्षा की गई।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी।

धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

बैठक में जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिली, उन पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन और श्रमिक लगाकर कार्यों में तेजी लाई जाए तथा सभी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनहित की परियोजनाओं का लाभ लोगों को समय पर मिल सके।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया।

सी, डी और ई श्रेणी में शामिल विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत स्तर पर रुचि लेकर कमियों को दूर करें और अगले मूल्यांकन तक अपने विभाग के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करें।

फैमिली आईडी अभियान की भी समीक्षा

बैठक में फैमिली आईडी योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों और संबंधित विभागों को पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर बल दिया।

विभिन्न योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में सड़क निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन, मध्यान्ह भोजन योजना, छात्र उपस्थिति, पर्यटन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री ग्रामीण योजना, ग्रामीण अभियंत्रण, सेतु निर्माण, किसान सम्मान निधि, मनरेगा, दुग्ध विकास, दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, युवा स्वरोजगार तथा महिला एवं बाल विकास सहित अनेक योजनाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप बनाए रखने, डाटा फीडिंग की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा समय पर अपडेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments