रिपोर्टर: कबीर
मुजफ्फरनगर। शासन के निर्देशों के तहत सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान में जानसठ तहसील प्रशासन ने सोमवार को पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त अभियान के दौरान तीन गांवों में सरकारी चकरोड और नाले पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
तीन गांवों में चली कार्रवाई
प्रशासनिक टीम ने ग्राम खेड़ा चौगावां में सरकारी नाले की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटवाया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
इसके बाद ग्राम खलवाड़ा में लंबे समय से अवरुद्ध पड़े सरकारी चकरोड को कब्जामुक्त कराया गया, जिससे ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता फिर से सुचारु हो गया।
आईजीआरएस शिकायत पर भी हुई कार्रवाई
ग्राम सालारपुर में बहादुर अली द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर प्रशासन ने सरकारी चकरोड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। राजस्व एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शिकायत का निस्तारण करते हुए मार्ग को कब्जामुक्त कराया।
एसडीएम ने दी सख्त चेतावनी
जानसठ एसडीएम रश्मि लांबा ने कहा कि सरकारी भूमि, चकरोड, नालों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें और यदि कहीं अवैध कब्जा दिखाई दे तो उसकी सूचना प्रशासन को दें।
अभियान रहेगा जारी
प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया। वहीं ग्रामीणों ने सार्वजनिक मार्गों और नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल का स्वागत किया।
अभियान के दौरान नायब तहसीलदार विपिन कुमार, राजस्व निरीक्षक ललित मोहन शर्मा, मुकेश शर्मा, संबंधित हल्का लेखपाल तथा उपनिरीक्षक अक्षय कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
