श्रावस्ती। 9वें एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाले श्रावस्ती के होनहार खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी ‘सत्यम’ का इकौना पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उनके सम्मान में पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच हजारों लोगों ने स्वर्ण पदक विजेता का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
स्वागत समारोह के दौरान आशुतोष त्रिपाठी ‘सत्यम’ ने माँ सीता द्वार मंदिर पहुंचकर माता का आशीर्वाद लिया तथा बेचू बाबा के दर्शन भी किए। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि आशुतोष ने एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल श्रावस्ती और उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
आशुतोष त्रिपाठी ‘सत्यम’ की इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें भारत का गौरव बता रहे हैं।
