रिपोर्टर: कबीर
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए पांच पुलिसकर्मियों को मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
निष्ठापूर्ण सेवाओं की सराहना
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए एसपी क्राइम ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और कार्यशैली विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे।
स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
परिजनों की मौजूदगी में भावुक माहौल
विदाई समारोह में प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे समारोह का माहौल भावुक हो गया।
ये पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में—
उपनिरीक्षक (लेखा) हरलाल सिंह (आंकिक शाखा, मुजफ्फरनगर)
उपनिरीक्षक बनी सिंह (थाना भोपा)
उर्दू अनुवादक मंजूर अली (थाना चरथावल)
फायरमैन कैशर अब्बास (फायर स्टेशन, मुजफ्फरनगर)
अनुचर विजयपाल सिंह (थाना रामराज)
शामिल रहे। सभी ने अधिवर्षता आयु पूर्ण होने के उपरांत पुलिस विभाग से सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति ग्रहण की।
