श्रावस्ती। जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान 24 घंटे के भीतर 17 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
एएसपी और सीओ स्तर से हुई मॉनिटरिंग
अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारियों (सीओ) द्वारा की गई। पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर न्यायालय से वारंट जारी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
कई मामलों में थे वांछित
गिरफ्तार किए गए वारंटी मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और डीपी एक्ट सहित विभिन्न मामलों में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर वांछित थे।
विभिन्न थानों से हुई गिरफ्तारी
विशेष अभियान के तहत:
थाना गिलौला से 6 वारंटी,
थाना सोनवा से 5 वारंटी,
थाना इकौना से 2 वारंटी,
नवीन मॉडर्न थाना श्रावस्ती से 3 वारंटी,
थाना सिरसिया से 1 वारंटी को गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने सभी गिरफ्तार वारंटियों को नियमानुसार संबंधित न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
