रिपोर्ट: कबीर
मुज़फ्फरनगर में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मिमलाना रोड स्थित शेर सिंह कॉलोनी निवासी अरशद पुत्र मेहरबान और उसकी पत्नी गुलशाना शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे के संबंध में न्यायालय से वारंट जारी किया गया था। कोतवाली नगर पुलिस ने दोनों को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा, रामलीला टिल्ला निवासी राजू पुत्र महावीर सैनी को भी शिव चौक क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ मारपीट, बलवा और धमकी देने से संबंधित मामले में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था।
कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तीनों वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए अदालत में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से वारंटियों और फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।स्लग: वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, अभियान चलाकर तीन आरोपी गिरफ्तार
