संवाददाता/रिपोर्ट: सुदेश वर्मा,
बागपत।जनपद के बिनौली स्थित बी-पैक्स (B-PACS) केंद्र पर खाद की गाड़ी पहुंचते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खाद लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान लाइन में लग गए, जिससे केंद्र पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
अप्रैल और मई से वंचित किसानों को प्राथमिकता
किसानों की भारी भीड़ को देखते हुए बी-पैक्स बिनौली के सचिव (एमडी) संजय कुमार ने खुद मोर्चे पर उतरकर अपनी सीधी निगरानी में खाद का वितरण शुरू कराया। केंद्र प्रबंधन की ओर से उन किसानों को प्राथमिकता दी गई, जिन्हें पिछले अप्रैल और मई महीने में खाद नहीं मिल सकी थी और जो लंबे समय से इससे वंचित थे।
किसानों को नहीं होने दी जाएगी परेशानी: सचिव
केंद्र पर अफरा-तफरी न मचे और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। सचिव संजय कुमार ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि,
सभी पात्र और जरूरतमंद किसानों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी किसान को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
कल आएगी खाद की नई खेप
सचिव ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि जिन किसानों को आज भीड़ या टोकन की वजह से खाद नहीं मिल सकी है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। कल ही खाद की एक और नई खेप (गाड़ी) केंद्र पर पहुंच रही है, जिसके बाद शेष बचे सभी किसानों को अगली गाड़ी से प्राथमिकता के आधार पर खाद का वितरण कर दिया जाएगा।
TNI 24 News — पल-पल की विश्वसनीय खबरें।
