रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने लूट की झूठी कहानी गढ़कर न केवल पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, बल्कि अपने ही बनाए जाल में फंस गया। थाना तितावी क्षेत्र में युवक द्वारा दी गई लूट की सूचना की जब पुलिस ने गहनता से जांच की, तो पूरा मामला फर्जी निकला।
घटना 3 मई की देर रात की है, जब शामली के थानाभवन क्षेत्र के ग्राम भैंसानी निवासी 19 वर्षीय बिलाल ने डायल-112 पर सूचना दी कि नंगला पिथौरा-पीपलहेड़ा मार्ग पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर मारपीट की और 37,500 रुपये लूट लिए। सूचना मिलते ही थाना तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और युवक से सख्ती से पूछताछ की, तो सच्चाई सामने आ गई। दरअसल, बिलाल ने घर से लिए करीब 50 हजार रुपये ऑनलाइन गेमिंग और शॉपिंग में खर्च कर दिए थे। परिवार की डांट से बचने के लिए उसने खुद ही अपने कपड़े फाड़े, बाइक गिराई और लूट की झूठी कहानी गढ़ दी।
थाना तितावी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग की लत और युवाओं में बढ़ती गैर-जिम्मेदारी को उजागर कर दिया है।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि झूठी सूचना देना कानूनन अपराध है, जिससे पुलिस के संसाधनों का दुरुपयोग होता है और वास्तविक मामलों पर असर पड़ता है।

