Homeराष्ट्रीयसड़क को बनाया स्टंट का मंच, 12 घंटे में पुलिस ने उतारी...

सड़क को बनाया स्टंट का मंच, 12 घंटे में पुलिस ने उतारी हेकड़ी; दो युवक गिरफ्तार, कार सीज

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। शहर में स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने की कोशिश दो युवकों को भारी पड़ गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सदर बाजार में कार की छत पर बैठकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। महज 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर जनपद में कानून-व्यवस्था और यातायात नियमों को लेकर सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में 2 मई की रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दो युवक चलती कार की छत पर बैठकर स्टंट करते नजर आए। यह करतब न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के साथ भी खुला खिलवाड़ था।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और गाड़ी व युवकों की पहचान कर ली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऋषभ (निवासी भरतीया कॉलोनी, नई मंडी) और अक्षय (निवासी हुसैनपुर भोपाड़ा, मंसूरपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और स्टंट में इस्तेमाल कार को सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में स्टंटबाजी, हुड़दंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। सड़क को स्टंट का मंच बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में आम लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments