रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमा लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने बुढाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली उमरपुर चौकी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अचानक हुए इस निरीक्षण से चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने चौकी परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, ड्यूटी रजिस्टर और आगंतुक पंजिका का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने दस्तावेजों की स्थिति को परखते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही चौकी पर मौजूद स्टाफ से उनकी ड्यूटी, क्षेत्र में अपराध की स्थिति और कानून-व्यवस्था को लेकर सीधा फीडबैक लिया।

एसपी ग्रामीण ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किसी भी सूरत में लटकना नहीं चाहिए। आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने की नसीहत देते हुए कहा कि पुलिस की छवि व्यवहार से ही बनती है।
इसके अलावा क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई करने, गश्त व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान चौकी की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, लेकिन एसपी ग्रामीण ने साफ कर दिया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अंत में उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बेहतर पुलिसिंग ही जनता का विश्वास जीतने का सबसे बड़ा माध्यम है।

