रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना खालापार क्षेत्र में घर के भीतर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़ित का ही रिश्तेदार निकला।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल को सुजडू निवासी जुबैर ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपने परिवार के साथ 26 से 28 अप्रैल तक एक कार्यक्रम में गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर में घुसकर लॉकर से करीब 7 लाख रुपये नगद और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खालापार पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर टीमों का गठन किया।

तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 30 अप्रैल को शामली बाइपास स्थित वहलना पुल के नीचे से एक संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नदीम पुत्र नईम निवासी अंबा विहार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 लाख 50 हजार रुपये नगद, दो कंगन, एक अंगूठी, माथे का टीका और एक बैग बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि जुबैर के पिता उसके रिश्ते में मामा लगते हैं और इसी कारण उसका घर पर आना-जाना था। उसे पहले से ही घर में रखे रुपये और जेवरात की जानकारी थी। मौका पाकर उसने लॉकर से नकदी और आभूषण पार कर दिए। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही वह फरार होने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

