रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र के गांव रुकनपुर में नाली के पानी के निकास को लेकर हुए खूनी बवाल और पुलिस पर पथराव के मामले में खतौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को दबोच लिया, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल को गांव रुकनपुर में नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मारपीट, झगड़ा और पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पीआरवी और खतौली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर भी हमला बोल दिया और जानलेवा नीयत से पथराव शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों की मदद से खुद को सुरक्षित रखा।
हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस फोर्स पहुंचते ही उपद्रवी मौके से फरार हो गए। इस घटना में आठ लोग और एक बालिका घायल हो गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में हेड कांस्टेबल मोमराज सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
निरीक्षक दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मनीष, आलोक, नीरज, विनोद, अमित, अनुज, आदित्य और रितिक शामिल हैं। सभी आरोपी गांव रुकनपुर के निवासी बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल मोमराज सिंह, कांस्टेबल अंकित शर्मा, प्रवीन कुमार, नवीन कुमार तथा महिला कांस्टेबल कविता शामिल रहीं।
पुलिस का कहना है कि गांव में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

