आईडीए के प्रथम इंस्टालेशन समारोह में बोले शहर विधायक आकाश सक्सेना
डाॅ. अनुराग बने अध्यक्ष, तो डाॅ. नायला बनीं सचिव

रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) रामपुर शाखा का प्रथम इंस्टालेशन समारोह संपन्न हुआ। जिसमें सर्वसम्मति से डॉ. अनुराग सिंघल को अध्यक्ष तथा डॉ. नायला सिददीकी को सचिव मनोनीत किया गया। दोनों पदाधिकारियों के चयन पर उपस्थित चिकित्सकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास जताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना, विशिष्ट अतिथि आईडीए के प्रदेश उपाध्यक्ष डाॅ. आलोक त्रिपाठी, डाॅ. संदीप शुक्ला, डाॅ. सचिन प्रकाश ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल भव्य रहा, बल्कि यह रामपुर में चिकित्सीय सेवाओं के विकास के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इंडियन डेंटल एसोसिएशन की सक्रियता से आम जनता को बेहतर दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्वास्थ्य जागरूकता में भी वृद्धि होगी। इस मौके पर नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. अनुराग सिंघल ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि आईडीए रामपुर शाखा को सशक्त बनाते हुए जिले में दंत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाए। वहीं, सचिव डॉ. नायला सिददीकी ने संगठन को संगठित और सक्रिय रखने के लिए सभी सदस्यों के सहयोग पर बल दिया। कार्यक्रम में दंत चिकित्सा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई तथा भविष्य की योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया गया। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में एम्स के प्रोफेसर डाॅ. अमल सिंह राणा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. ब्रजेश, डाॅ. साकिब रजा, डाॅ. संजय, डाॅ. मोईन, डाॅ. राजीव, डाॅ. पुनीत, डाॅ. टीएम खान, डाॅ. दीपाली, डाॅ. रजत, डाॅ. वीवी शर्मा, डाॅ. प्रदीप आदि उपस्थित रहे।

