रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। रतनपुरी क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर माफी में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके के पास बने गोदाम समेत तीन स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में तैयार-अधबने पटाखे, बारूद, पोटाश और पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
शनिवार को गांव मोहम्मदपुर माफी स्थित उमरेज पुत्र कसमुद्दीन के घेर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी, जिसमें दो नाबालिग किशोर झुलसकर घायल हो गए थे। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मौके का निरीक्षण कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
एसएसपी के निर्देश पर थाना रतनपुरी प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने ताबड़तोड़ दबिश देकर तीन आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में शमशाद उर्फ सद्दाम निवासी फरूखनगर गाजियाबाद, मोहम्मद मियां निवासी फरूखनगर गाजियाबाद तथा सौरभ निवासी आवास विकास कॉलोनी खतौली शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 पेटी अनार बम, पांच पेटी इलेक्ट्रॉनिक शॉट, तीन पेटी फुलझड़ी, चार कट्टे अधबने अनार बम, 100 किलो बारूद, 90 किलो पोटाश, गंधक, अशर्फी दाना, आठ डाई और चार प्रेशर मशीनें बरामद की हैं। इसके अलावा भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री और पटाखा निर्माण के उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि बिना लाइसेंस चल रही इन फैक्ट्रियों में बड़े स्तर पर विस्फोटक सामग्री तैयार की जा रही थी, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना रतनपुरी में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

