डीएवी कॉलेज में गूंजी नारी शक्ति की हुंकार, मानव श्रृंखला और रैली से जागी जागरूकता

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर के प्रतिष्ठित डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज परिसर में शनिवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के समर्थन में छात्राओं ने जोरदार हुंकार भरी। महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस और रोवर्स-रेंजर्स इकाइयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे परिसर को उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा विशाल मानव श्रृंखला बनाकर की गई, जिसने महिला एकजुटता और आत्मविश्वास का सशक्त संदेश दिया। इसके बाद हाथों में जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर छात्राओं ने पूरे कॉलेज परिसर में रैली निकाली। रैली के दौरान लगाए गए जोशीले नारों से वातावरण गूंज उठा और हर ओर नारी सम्मान की आवाज सुनाई दी।
इस अवसर पर प्रबंध समिति के सचिव डॉ. एम.के. बंसल, प्राचार्य प्रो. योगेश त्यागी तथा प्रो. मुकेश चंद ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन नारी सशक्तिकरण समन्वयक एवं मां शाकुंभरी यूनिवर्सिटी रोवर्स-रेंजर्स समन्वयक प्रो. सुषमा सैनी, सह-समन्वयक डॉ. रचना त्यागी, सह-समन्वयक एवं एनसीसी अधिकारी डॉ. धनदेवी मिश्रा के निर्देशन में किया गया।
इस दौरान एनसीसी अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वशिष्ठ, रोवर्स-रेंजर्स अधिकारी डॉ. सहदेव, एनएसएस अधिकारी डॉ. संजीव, डॉ. आसिफ, डॉ. सचिन कुमार, डॉ. मंजू, प्रो. अर्चना धामा, डॉ. राहुल और डॉ. मनीष सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे।
कॉलेज परिसर में हुए इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि नई पीढ़ी की बेटियां अब केवल भागीदारी नहीं, बल्कि नेतृत्व की दिशा में कदम बढ़ा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *