Headlines

मिशन शक्ति समारोह में नारी शक्ति का सम्मान, SSP बोले- सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस प्रतिबद्ध

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत जागरूकता, संवाद और सम्मान का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं की उपलब्धियों को मंच मिला तो छात्राओं को आत्मरक्षा, अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने स्पष्ट कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं और उनकी सुरक्षा व सम्मान के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद श्रीराम कॉलेज और पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। मंच से खेल, शिक्षा, चिकित्सा, योग समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली महिला पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने छात्राओं से कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें और हेल्पलाइन सेवाओं का तत्काल उपयोग करें। उन्होंने युवतियों को आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
डॉ. नीलम राय ने दुर्गासप्तशती के प्रसंगों के माध्यम से नारी शक्ति के वास्तविक स्वरूप को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि महिला केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि समाज निर्माण की सबसे मजबूत शक्ति है।
समारोह में नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राव, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, महिला थाना प्रभारी संगीता डागर, थाना प्रभारी मंसूरपुर आनंद देव मिश्रा, महिला हेल्प डेस्क प्रभारी ज्योति तोमर समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएं शामिल हुईं। अंत में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान के सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *