रिपोर्ट – सोनम यादव

ललितपुर। थाना सौजना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगारा में स्थित देसी शराब के ठेके पर निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें ग्राहक आरोप लगा रहे हैं कि उनसे तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ठेके पर शराब खरीदने पहुंचे कई लोगों ने ओवर रेटिंग की शिकायत की है। वायरल वीडियो में कुछ ग्राहक खुलेआम अधिक पैसे लिए जाने की बात कहते नजर आ रहे हैं। इससे क्षेत्र में नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शासन द्वारा निर्धारित दरों का पालन नहीं किया जा रहा है तो यह सीधे-सीधे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस पूरे मामले में आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर जांच होती रहे तो इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सकती है।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करता है।

