रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर। जनपद में 13 अप्रैल को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने रविवार को व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत परखी और अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के सख्त निर्देश दिए।
सीएम के कार्यक्रम नुमाइश ग्राउंड और अहिल्याबाई चौक पर प्रस्तावित हैं। ऐसे में दोनों स्थानों के नजदीक सेफ हाउस की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। नुमाइश ग्राउंड के पास स्थित संतोष हॉस्पिटल में बनाए गए सेफ हाउस का निरीक्षण करते हुए सीएमओ ने चिकित्सा उपकरणों, दवाओं की उपलब्धता, एंबुलेंस व्यवस्था और तैनात स्टाफ की सक्रियता को बारीकी से परखा। उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद अहिल्याबाई चौक के समीप जिला चिकित्सालय में बनाए गए सेफ हाउस का भी गहन निरीक्षण किया गया। यहां आपातकालीन सेवाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और मरीजों के त्वरित उपचार की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भी व्यवस्थाओं को परखा गया। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे पूरी सतर्कता के साथ संचालित रहें, जीवनरक्षक दवाओं और उपकरणों की कोई कमी न हो और सभी स्वास्थ्यकर्मी अलर्ट मोड में रहें।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने दो टूक कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पहले से ही चाक-चौबंद रहनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।



