नकली पनीर फैक्ट्री का मास्टरमाइंड दबोचा, 300 किलो पनीर व केमिकल बरामदगी के मामले में गिरफ्तारी

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के खतौली क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना खतौली पुलिस ने नकली पनीर और मिलावटी दूध बनाने के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद खाद्य सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में पुलिस ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे बालकराम घंटाघर क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी रजत पुत्र अनिल जैन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0- 426/26 धारा 274/275 बीएनएस के तहत मामला दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था।
मामले का खुलासा उस समय हुआ था जब 11 नवंबर 2025 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रजत एजेंसी नामक पनीर निर्माण इकाई से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की थी। जांच के दौरान 300 किलो पनीर, 300 लीटर मिश्रित दूध, 60 किलोग्राम सोयाबीन, रानीपाल केमिकल, फ्लेवरिंग एजेंट और 135 किलो पामोनिल रिफाइंड ऑयल बरामद हुआ था, जिससे मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा था।
थाना प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि आरोपी लंबे समय से नकली पनीर बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहा था, जिससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज सिंह, हेड कांस्टेबल मोमराज सिंह, अमित कुमार और धनेश नागर शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *