Homeराष्ट्रीययोगी–जयंत के आगमन से पहले सियासी तापमान हाई, 13 अप्रैल को मुज़फ्फरनगर...

योगी–जयंत के आगमन से पहले सियासी तापमान हाई, 13 अप्रैल को मुज़फ्फरनगर में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर जनपद की सियासत गरमा गई है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन और सत्तारूढ़ दल ने पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को कोर्ट रोड स्थित जिला सहकारी बैंक सभागार में आयोजित बैठक में जनसभा और रोजगार मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया, जहां जनसैलाब जुटाने की रणनीति पर विस्तार से मंथन हुआ।
बैठक की कमान संभालते हुए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा मुज़फ्फरनगर के विकास को नई गति देगा और इसे एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। मंत्री ने विशेष रूप से रोजगार मेले को युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से योग्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जो सरकार की युवा केंद्रित नीतियों की झलक पेश करेगा।


बैठक में बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय करते हुए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिकतम भीड़ जुटाएं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक ढांचे को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि यह जनसभा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और सुशासन के प्रति जनता के भरोसे का प्रदर्शन होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
वहीं सहकारी क्षेत्र से जुड़े ठाकुर रामनाथ सिंह ने दावा किया कि एक हजार से अधिक सहकारी बंधु कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने और उनकी प्रबंध समिति ने बैठक में मौजूद सभी अतिथियों का जोरदार स्वागत किया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण नजर आया।
बैठक के अंत में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि 13 अप्रैल की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और अधिकतम जनसमर्थन जुटाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments