जमीन हुसैनाबाद में भव्य सम्मान समारोह, मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

Spread the love

रिपोर्ट – मो0 नसीम

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। क्षेत्र के ग्राम पंचायत जमीन हुसैनाबाद में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन प्रधान प्रत्याशी दिलीप तिवारी के सौजन्य से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (पंचायती राज) ओम प्रकाश राजभर पहुंचे, जिनका आयोजकों व ग्रामीणों द्वारा फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव के आवास, पेंशन और शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालयों के निर्माण से गांवों का तेजी से विकास हुआ है।


उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बनारस से लखनऊ पहुंचने में लगभग 8 घंटे लगते थे, जबकि अब यह दूरी मात्र 4 घंटे में पूरी हो रही है। साथ ही उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, लेकिन वर्तमान सरकार के 9 वर्षों में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और 48 घंटे के भीतर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है।
मंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि चुनावों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें सुरक्षित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मंत्री राजभर ने आयोजक दिलीप तिवारी एवं उनके भाई वीरेंद्र तिवारी को बधाई दी।
इस अवसर पर हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, प्रमुख प्रतिनिधि रामदेव सिंह, मंडल अध्यक्ष मोनू सिंह, प्रधान प्रतिनिधि विनोद शुक्ला, प्रधान प्रत्याशी अज्जू सिंह, महराज दीन पांडे, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामसागर मौर्य, प्रधान प्रतिनिधि मनोज मिश्रा, डॉ. अरविंद सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही, जिससे आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए क्षेत्राधिकारी समीर कुमार सिंह एवं अतिरिक्त थाना प्रभारी सुबेहा राजेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। इसके अलावा ग्राम विकास विभाग से खंड विकास अधिकारी पूजा सिंह, सचिव चंद्रेश कुमार सहित कई अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *