रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद की कानून-व्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल को सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान भावभीनी विदाई दी गई। उनके पुलिस अधीक्षक नगर, अलीगढ़ के पद पर स्थानांतरण के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक और पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके कार्यकाल को सराहते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने आदित्य बंसल को फूलमाला पहनाकर, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि बंसल ने अपने कार्यकाल में जनपद की ग्रामीण पुलिसिंग को नई दिशा दी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता में विश्वास कायम करने का उल्लेखनीय कार्य किया।
कार्यक्रम का माहौल उस समय भावुक हो उठा जब एक-एक कर अधिकारियों और कर्मचारियों ने बंसल को शुभकामनाएं दीं। एसएसपी संजय कुमार वर्मा की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय समेत मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर, एसपी सिटी अक्षय संजय महाडीक, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ सहित तमाम क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर विदाई दी।
अपने संबोधन में आदित्य बंसल ने मुज़फ्फरनगर में बिताए गए समय को यादगार बताते हुए कहा कि यहां का अनुभव उनके करियर की अमूल्य पूंजी रहेगा। उन्होंने सहयोग के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया।
विदाई समारोह में पुलिस विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे, जिन्होंने तालियों और शुभकामनाओं के बीच बंसल को नई जिम्मेदारी के लिए रवाना किया।

