आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ बुढाना थाना, एडीजी ने फीता काटकर किया लोकार्पण

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की पुलिस व्यवस्था को हाईटेक और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए शनिवार को बुढाना थाना नए स्वरूप में नजर आया। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर थाना बुढाना के नवीनीकरण व सौन्दर्यीकरण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया।
कार्यक्रम गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस के तमाम आला अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नवीनीकरण के बाद थाना परिसर पूरी तरह बदला-बदला नजर आया। बैरकों को साफ-सुथरा, हवादार और सुविधाजनक बनाया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों के रहने और काम करने के माहौल में सुधार होगा। वहीं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए थाना परिसर में वात्सल्य कक्ष, ई-मालखाना, मिशन शक्ति केंद्र, विवेचना कक्ष, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और कम्प्यूटर कक्ष जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।
लोकार्पण के बाद एडीजी ने थाना परिसर का गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस थाना पुलिसिंग को न सिर्फ प्रभावी बनाएगा, बल्कि आम जनता के भरोसे को भी मजबूत करेगा। उन्होंने स्वच्छता, अनुशासन और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए हर फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद के सभी थानों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक और जनहितैषी बनाया जा रहा है, ताकि पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एडीजी द्वारा ग्राम प्रहरियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और सतर्कता के लिए सम्मानित भी किया गया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को अहम बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *