पति-पत्नी विवाद बना तमाशा: घर के बाहर पत्नी का धरना, पति ने जताया जान का खतरा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में रविवार को एक वैवाहिक विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब एक विवाहिता अपने ससुराल के बाहर धरने पर बैठ गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला इतना बढ़ गया कि घर के अंदर मौजूद पति ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सनसनीखेज आरोप लगा दिए। पूरे घटनाक्रम के चलते इलाके में देर तक तनाव और अफरातफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, सचिन शर्मा का विवाह 8 दिसंबर 2023 को ट्विंकल शर्मा के साथ हुआ था। विवाह के कुछ ही महीनों बाद दोनों के रिश्तों में दरार आ गई। धरने पर बैठी ट्विंकल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसने पति और जेठानी के बीच अवैध संबंध होने का भी गंभीर आरोप लगाया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने इन बातों का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। न्याय की मांग को लेकर वह अपने मायके पक्ष के साथ ससुराल के मुख्य द्वार पर ही बैठ गई और वहां से हटने से इनकार कर दिया।
वहीं, दूसरी ओर घर के अंदर मौजूद पति सचिन शर्मा ने मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता और उसे अपनी जान का खतरा है। उसने आरोप लगाया कि पत्नी उसे मानसिक रूप से परेशान करती है और उसके खिलाफ साजिश रच सकती है। पति ने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है।
सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *