Homeराष्ट्रीयगैस संकट और महंगाई पर ‘आप’ का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट घेरकर लगाए नारे—...

गैस संकट और महंगाई पर ‘आप’ का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट घेरकर लगाए नारे— “सिलेंडर गायब, नरेंद्र गायब”

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। देशभर में रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ तीखे नारेबाजी करते हुए जमकर हल्लाबोल किया। प्रदर्शन के दौरान “सिलेंडर गायब, नरेंद्र गायब” के नारों से कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा। बाद में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपते हुए गैस संकट और महंगाई पर तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविन्द बालियान ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर में ₹120 की बढ़ोतरी ने आम आदमी की रसोई पर सीधा हमला किया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालातों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है, तो यह देश की विदेश नीति की कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता को फिर से गैस के लिए लंबी लाइनों में खड़ा होने की नौबत आ रही है, जो बेहद चिंताजनक है।
पार्टी के जिला महासचिव अजय चौधरी ने कहा कि गैस संकट का सीधा असर छोटे कारोबारियों और रोजमर्रा के व्यापार पर पड़ रहा है। होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों लोगों की रोजी-रोटी पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। गैस आपूर्ति प्रभावित होने से कई छोटे उद्योग और व्यापार बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं, जिससे बेरोजगारी का संकट और गहराने लगा है।
कार्यकर्ताओं ने मांग उठाई कि घरेलू एलपीजी गैस के दामों में की गई हालिया बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी और प्रभावी नीति बनाई जाए तथा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए। उन्होंने महंगाई पर काबू पाने के लिए केंद्र सरकार से स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करने की भी मांग की।
प्रदर्शन के अंत में पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही गैस संकट और महंगाई के मुद्दे पर ठोस समाधान नहीं निकाला, तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर बड़ा आंदोलन छेड़ेगी और जनहित में संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कुलदीप तोमर, अनुराग अहलावत, संजीव मान, मनोज कुमार, शिवा सिंघल, सुशील अहलावत समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments