रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के बीच थाना खालापार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में जनपदभर में रोजाना प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 अप्रैल की रात थाना खालापार पुलिस टीम शार्डेन स्कूल के पीछे वाली गली में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो पुलिस को देखकर तेजी से पीछे मुड़कर निकलने की कोशिश करने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर युवक के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम सुहैल पुत्र अफसर निवासी दाउल-उल-हक मदरसा के पास, 40 फुटा रोड, थाना खालापार बताया।
अभियुक्त ने बरामद हथियार का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया और बताया कि उसने यह तमंचा किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ थाना खालापार में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक असगर अली, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार और कांस्टेबल छोटेलाल की अहम भूमिका रही। पुलिस अब अभियुक्त के आपराधिक इतिहास और हथियार की सप्लाई चेन की भी गहनता से जांच कर रही है।

