रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। रमज़ान के पाक महीने में जनपद के गांव नन्हेड़ा में आयोजित रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब की अनोखी मिसाल देखने को मिली। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सतपाल कटारिया यहां पार्टी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. गुफरान के आवास पर आयोजित इफ्तार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, जहां उनका स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इफ्तार कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जैसे ही अज़ान हुई, रोज़ेदारों ने एक साथ रोज़ा खोला और देश-प्रदेश में अमन, भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी। कार्यक्रम के दौरान सभी समुदायों के लोगों ने मिलकर इफ्तार किया, जिससे आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी गया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतपाल कटारिया ने कहा कि रमज़ान का महीना त्याग, सेवा और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम और सद्भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि मुज़फ्फरनगर की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और मिल-जुलकर रहने की रही है और ऐसे कार्यक्रम उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का काम करते हैं।
कार्यक्रम में अनिल चौधरी और गुप्ता जी सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने रोज़ेदारों के साथ इफ्तार कर रमज़ान की मुबारकबाद दी और समाज में शांति व सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
डॉ. गुफरान ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रमज़ान का महीना लोगों को इंसानियत, सहिष्णुता और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाते हैं।
गांव नन्हेड़ा में आयोजित यह इफ्तार कार्यक्रम देर शाम तक चर्चा का विषय बना रहा, जहां लोगों ने इसे भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल।

