बरामद मोबाइल सेटों की कुल अनुमानित कीमत 42.18 लाख रुपये
रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में मोबाइल स्वामियों को किए गए सुपुर्द
रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। जनपद पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए जनता के गुमशुदा एवं खोए हुए 134 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया है। बरामद मोबाइल सेटों की कुल अनुमानित कीमत 42 लाख 18 हजार 098 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई जनपदीय थानों एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम के प्रयासों से संभव हो सकी।
पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी यातायात/अपराध प्रमोद शुक्ला के मार्गदर्शन में गुमशुदा मोबाइल फोन की शीघ्र बरामदगी हेतु एक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों पर दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोनों को ट्रेस किया गया।
पुलिस की सर्विलांस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जनपद फतेहपुर सहित सीमावर्ती जनपदों से विभिन्न कंपनियों के कुल 134 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सभी मोबाइल फोन शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर नागरिकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। सभी लाभार्थियों ने जनपद पुलिस, उच्चाधिकारियों एवं सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आमजन की सुविधा और विश्वास को बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना अथवा ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
जनपद पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि तकनीक के बेहतर उपयोग से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
